चौसाना। क्षेत्र के ग्राम जिजौला निवासी एक युवक के साथ मोबाइल फोन मांगने के बहाने ठगी का मामला सामने आया है। युवक का आरोप है कि चौसाना निवासी एक व्यक्ति ने फोन करने के लिए उसका मोबाइल लिया और कुछ समय बाद ऐसी स्थिति बन गई कि उसका सिम कार्ड बंद हो गया। बाद में जब उसने अपने बैंकिंग एप की जांच की तो खाते से 73,800 रुपये निकलने की जानकारी मिली।
पीड़ित युवक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके मोबाइल में फोन पे सहित अन्य बैंकिंग एप चलते हैं। आरोप है कि 21 फरवरी को चौसाना निवासी एक युवक ने फोन करने के लिए उसका मोबाइल मांगा। मोबाइल लौटाने के बाद उसका सिम कार्ड काम करना बंद हो गया। दो दिन अवकाश होने के कारण वह तुरंत सिम नहीं निकलवा सका।
पीड़ित के अनुसार सोमवार को सिम निकलवाने के बाद मंगलवार को जब उसने बैंकिंग एप चेक किया तो छह अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए उसके खाते से कुल 73,800 रुपये निकल चुके थे। कॉल डिटेल चेक करने पर चौसाना के ही एक अन्य युवक का नंबर सामने आया, जिसने कॉल रिकॉर्डिंग सुनाते हुए मामले की जानकारी दी।
पीड़ित का आरोप है कि जब आरोपी से पैसे वापस करने की बात कही गई तो उसने उल्टा अभद्रता करते हुए धमकी दे दी। मामले में पुलिस को तहरीर दी गई है। पुलिस के अनुसार जांच के दौरान कुछ पुख्ता सबूत हाथ लगे हैं। फिलहाल जांच पूरी होने तक आरोपी को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है और पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
संवादाता: अली रज़ा







