झिंझाना। राष्ट्रीय शिक्षा सदन कन्या जूनियर हाई स्कूल में नवनिर्मित अत्याधुनिक कंप्यूटर लैब का शुक्रवार को भव्य उद्घाटन पूर्व विधायक राजेश्वर बंसल एवं उत्तर प्रदेश पुलिस के सेवानिवृत्त महानिरीक्षक विजय कुमार गर्ग के कर कमलों द्वारा किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि राजेश्वर बंसल ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज के तकनीकी युग में कंप्यूटर ज्ञान हर छात्रा के लिए अनिवार्य हो गया है। उन्होंने कहा कि डिजिटल शिक्षा ही भविष्य का मार्ग है और इस दिशा में यह कंप्यूटर लैब छात्राओं के लिए बेहद उपयोगी सिद्ध होगी। उन्होंने छात्राओं से ‘डिजिटल इंडिया’ के सपने को साकार करने में भागीदारी निभाने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि विजय कुमार गर्ग ने बताया कि लैब में 20 आधुनिक कंप्यूटर, तेज गति इंटरनेट, एवं मल्टीमीडिया, कोडिंग, प्रोजेक्ट वर्क जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे छात्राओं को व्यावहारिक ज्ञान मिलेगा और वे तकनीकी रूप से आत्मनिर्भर बनेंगी। विद्यालय के प्रबंधक शैलेन्द्र मित्तल, प्रधानाचार्य प्रवीण कुमार और प्रधानाचार्या नीलम सिंह ने संयुक्त रूप से मुख्य अतिथियों का स्वागत करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की छात्राओं को डिजिटल शिक्षा से जोड़ना विद्यालय की प्राथमिकता रही है। कार्यक्रम का संचालन प्रधानाचार्य प्रवीण कुमार ने किया। कार्यक्रम में शिक्षक मुकेश कुमार, सुनील कुमार, ऋषिपाल, अभिभावकगण एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
संवाददाता: अतहर राणा