
जलालाबाद। कस्बे में समाजवादी पार्टी की ओर से विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) का प्रशिक्षण शिविर नगर पंचायत कार्यालय में आयोजित किया गया। शिविर में बीएलओ द्वारा अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत व डुप्लीकेट मतदाताओं की तैयार एएमडी सूची का परीक्षण किया गया।
बूथ संख्या 82 से 134 तक के बीएलए को संबोधित करते हुए पूर्व राज्यमंत्री प्रोफेसर सुधीर पंवार ने कहा कि एसआईआर की समय-सीमा सीमित होने के कारण बीएलओ द्वारा तैयार सूचियों की बारीकी से जांच बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि यदि चुनाव आयोग ने पहले ही अखिलेश यादव की सलाह मानते हुए समय-सीमा बढ़ाई होती, तो कई समस्याएं नहीं आतीं। उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग के अधिकारियों से वार्ता कर बीएलओ को सूची में आवश्यक सुधार के निर्देश देने का अनुरोध किया।
नगर पंचायत चेयरमैन एवं वरिष्ठ नेता ज़हीर मलिक ने जलालाबाद कस्बा व ग्रामीण क्षेत्र के बीएलए का परिचय कराते हुए कहा कि सभी ने एसआईआर में सक्रिय भूमिका निभाई, जिससे बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम सूची में जुड़ सके हैं।
जिला उपाध्यक्ष जावेद जंग ने कहा कि जिन युवाओं की आयु 18 वर्ष पूरी हो चुकी है, वे फार्म-6 भरकर मतदाता सूची में नाम अवश्य जुड़वाएं। वहीं बीएलए नसीम ने आरोप लगाया कि बीएलओ स्तर पर अपेक्षित कार्य नहीं हो रहा, जिसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को दी जानी चाहिए।
कार्यशाला में तफरूज राव, थानाभवन विधानसभा अध्यक्ष, सलेकचंद जिलाध्यक्ष (अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ), भूपेन्द्र सैनी (जिलाध्यक्ष समाजवादी छात्रसभा), प्रदेश पदाधिकारी रवीन्द्र जोगी, तासीन मंसूरी, हामिद चौधरी, सभासद इस्तिकार, डॉ. अनुज सैनी, डॉ. नीरज, धर्मवीर सिंह प्रधान, अशोक प्रधान, ठाकुर जगत सिंह, समीर मंसूरी, दिलशाद हसन और संदीप कुमार ने भी अपने विचार रखे।
कार्यालय प्रभारी खुशनूद ने बताया कि बूथ संख्या 72 से 81 तथा 209 से 279 तक के बीएलए की कार्यशाला शुक्रवार को भैंसवाल में दोपहर 2 बजे आयोजित की जाएगी।
संवादाता: सचिन तोमर







