चौसाना। स्वास्थ्य विभाग द्वारा चौसाना स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में सफाई अभियान चलाया गया। सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करते हुए अस्पताल भवन और परिसर में झाड़ू-पोंछा कराया गया तथा कचरे का निस्तारण किया गया।

सफाई के बाद अस्पताल की तस्वीर पूरी तरह बदल गई। जहां पहले गंदगी नजर आती थी, वहीं अब परिसर साफ-सुथरा और व्यवस्थित दिखाई देने लगा है। मरीजों और उनके तीमारदारों ने स्वच्छ वातावरण मिलने पर राहत जताई। लोगों का कहना है कि नियमित सफाई से संक्रमण फैलने की आशंका भी कम होती है।
स्थानीय ग्रामीणों ने इसे सकारात्मक कदम बताते हुए मांग की कि आगे भी नियमित रूप से सफाई व्यवस्था बनाए रखी जाए, ताकि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हमेशा साफ और चकाचक बना रहे।

ब्लॉक चिकित्सा प्रभारी डा. तरुण चौधरी ने बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चौसाना में तत्काल सफाई कराई गई है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी साफ-सफाई को लेकर नियमित निगरानी रखी जाएगी और जहां भी कमी पाई जाएगी, वहां तुरंत सुधार कराया जाएगा, ताकि मरीजों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके।







