शामली। वर्ष 2025 में जनपद शामली पुलिस ने कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने की दिशा में अनेक उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं। शासन की मंशा के अनुरूप निष्पक्ष, पारदर्शी और जनहितकारी पुलिसिंग को प्राथमिकता देते हुए पूरे वर्ष प्रभावी अभियान चलाए गए, जिनके सकारात्मक परिणाम सामने आए।
पुलिस अधीक्षक के कुशल नेतृत्व में संगठित अपराध, गैंगस्टर, हिस्ट्रीशीटर और वांछित अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई। वर्ष 2025 के दौरान विशेष अभियानों में कुल 65 पुलिस कार्यवाहियां (मुठभेड़) हुईं, जिनमें 87 कुख्यात एवं वांछित अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। इन कार्रवाइयों के दौरान 65 अपराधी घायल हुए, जबकि 08 अभियुक्तों की उपचार के दौरान मृत्यु हुई। इस दौरान एक पुलिसकर्मी शहीद तथा 05 पुलिसकर्मी घायल हुए। सभी मामलों में विधिक प्रक्रिया का पूर्ण पालन करते हुए घायलों को उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया और आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई।
अपराध अनावरण की बात करें तो वर्ष 2025 में हत्या के कुल 23 अभियोग पंजीकृत हुए, जिनमें 06 अभियोग अज्ञात में दर्ज थे। पुलिस द्वारा सभी 23 मामलों का सफल अनावरण कर अभियुक्तों को जेल भेजा गया। लूट के 09 अभियोग पंजीकृत हुए, जिनमें से सभी का सफल खुलासा किया गया। वहीं चोरी के 204 अभियोग दर्ज हुए, जिनमें से 177 अभियोगों का सफल अनावरण करते हुए अभियुक्तों की गिरफ्तारी कर उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जिससे अपराधियों में भय और आमजन में विश्वास की भावना मजबूत हुई।

थाना स्तर पर भी सक्रिय पुलिसिंग देखने को मिली। थाना झिंझाना क्षेत्र में प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कसाना के नेतृत्व में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी, अपराधों के खुलासे और नियमित गश्त के माध्यम से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई। इसी तरह चौकी स्तर पर चौकी प्रभारी संदीप कुमार यादव द्वारा निरंतर निगरानी, संदिग्धों की जांच, महिला सुरक्षा और जनसंवाद पर विशेष ध्यान दिया गया, जिससे स्थानीय स्तर पर शांति व्यवस्था बनी रही।
पुलिस उप महानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन में चलाए गए ऑपरेशन सवेरा के तहत वर्ष 2025 में 166 अभियोग पंजीकृत किए गए। इस अभियान में 257 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1612 किलो 129 ग्राम अवैध मादक पदार्थ बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 14 करोड़ 26 लाख 10 हजार 006 रुपये बताई गई है।
इसके अतिरिक्त 14 अभियुक्तों के विरुद्ध पिट एनडीपीएस/एनएसए, 19 अभियोगों में 80 अभियुक्तों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट तथा 285 अभियुक्तों के विरुद्ध गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के अंतर्गत 02 प्रकरणों में लगभग 36 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
वर्ष 2025 में जनपदीय पुलिस द्वारा 675 मोबाइल फोन (अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 15 लाख रुपये) बरामद किए गए। महिला एवं बाल सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए महिला अपराधों एवं पॉक्सो मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित विवेचना सुनिश्चित की गई। महिला हेल्प डेस्क और शिकायत निस्तारण प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाया गया।
मिशन शक्ति केंद्र के अंतर्गत जनपद के 09 थानों में मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किए गए। इनके माध्यम से 1361 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें 66,349 महिलाओं को जागरूक किया गया तथा 52,126 सरकारी योजनाओं एवं हेल्पलाइन से संबंधित पंपलेट वितरित किए गए।
यातायात व्यवस्था सुधारने और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए विशेष अभियान चलाए गए। आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2024 में 270 दुर्घटनाओं के मुकाबले 2025 में 289 दुर्घटनाएं हुईं, लेकिन राहत की बात यह रही कि मृतकों की संख्या 162 से घटकर 144 रह गई।
वहीं ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत वर्ष 2025 में 568 अभियोगों में 784 अभियुक्तों को सजा दिलाई गई। इनमें 17 अभियुक्तों को आजीवन कारावास, 07 अभियुक्तों को 20 वर्ष का कारावास, 12 अभियुक्तों को 10 वर्ष या उससे अधिक लेकिन 20 वर्ष से कम, तथा 516 अभियुक्तों को 07 वर्ष से कम कारावास की सजा सुनाई गई।
साइबर अपराधों की रोकथाम और त्वरित निस्तारण के लिए विशेष प्रयास किए गए। वर्ष 2025 में 1728 साइबर प्रकरणों में गई कुल 3 करोड़ 08 लाख 99 हजार 836 रुपये की धनराशि में से 1 करोड़ 32 लाख 73 हजार 040 रुपये, यानी लगभग 43 प्रतिशत, पीड़ितों को वापस कराई गई।
पुलिस अधीक्षक द्वारा नियमित जनसुनवाई के माध्यम से नागरिकों की समस्याएं सुनी गईं और उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए। पर्व-त्योहारों, मेलों और सार्वजनिक आयोजनों के दौरान प्रभावी पुलिस प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था सुनिश्चित कर सभी कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराए गए।
इसके साथ ही IGRS जनसुनवाई पोर्टल पर भी जनपद शामली का प्रदर्शन सराहनीय रहा। माह सितंबर में जहां जनपद की रैंकिंग 51वीं थी, वहीं सुधार करते हुए अक्टूबर और नवंबर माह में जनपद शामली ने प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
कुल मिलाकर वर्ष 2025 शामली पुलिस के लिए उपलब्धियों से भरा रहा। सख्त कार्रवाई, पारदर्शी कार्यशैली और जनहितकारी पुलिसिंग के चलते जनपद में कानून-व्यवस्था को नई मजबूती मिली और जनता का पुलिस पर भरोसा और गहरा हुआ।
उप संपादक: शकील राणा







