शामली। जिला प्रशासन और आईटी मंत्रालय ने कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) संचालकों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। शुक्रवार को जिले में मानक के अनुरूप काम न करने वाले 40 केंद्रों को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया। अब केवल वही केंद्र संचालित होंगे जो सरकारी नियमों और पारदर्शिता का पालन करेंगे। इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को सरकारी सेवाओं के नाम पर होने वाली अतिरिक्त वसूली से बचाना और केंद्रों की पहचान स्पष्ट करना है।
यह कार्रवाई उन केंद्रों पर की गई है, जहाँ भारत सरकार और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा निर्धारित ब्रांडिंग (CSC बोर्ड) और सेवाओं की रेट लिस्ट प्रदर्शित नहीं थी। जिन केंद्रों पर ये अनिवार्य दिशा-निर्देश नहीं हैं, उन्हें चिन्हित कर तुरंत बंद किया गया। जिला प्रशासन ने चेतावनी दी है कि नियमों का पालन न करने वाले सेंटर बिना पूर्व सूचना के बंद कर दिए जाएंगे।
आवश्यक दिशा-निर्देश: CSC केंद्र पर बैनर और ब्रांडिंग अनिवार्य है। संचालकों का पुलिस सत्यापन होना जरूरी है। CSC केंद्र केवल निर्धारित स्थान पर ही स्थापित किए जा सकते हैं। जिला प्रबंधक अशीष चौधरी ने कहा कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा और केवल वही केंद्र संचालित होंगे जो पारदर्शिता और नियमों का पालन करेंगे।
उप संपादक: शकील राणा







