चौसाना। मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा के तहत चौसाना से थानाभवन होते हुए शामली रूट पर बृहस्पतिवार को बसों की संख्या बढ़ाकर चार कर दी गई। इससे क्षेत्र के दर्जनों गांवों के लोगों को राहत मिली है। इससे पहले बुधवार को भी इस रूट पर दो बसें जोड़ी गई थीं, जिसके बाद अब कुल चार बसें संचालित हो रही हैं। बताया गया कि मंगलवार शाम करीब 6:30 बजे शामली रोडवेज स्टैंड पर फीता काटकर बस सेवा का शुभारंभ किया गया था।
लंबे समय से थी बस सेवा की मांग:
इस मार्ग पर लंबे समय से बस सेवा का अभाव था, जिसके चलते ग्रामीणों को डग्गामार वाहनों से जोखिम भरा सफर करना पड़ता था। बस सेवा शुरू होने से अब छात्रों, मजदूरों, व्यापारियों और दैनिक यात्रियों को सुरक्षित व सुलभ परिवहन की सुविधा मिलने लगी है।
डग्गामार वाहन बने बड़ी चुनौती:
हालांकि, बसों के संचालन के बीच डग्गामार वाहन अभी भी बड़ी चुनौती बने हुए हैं। ग्रामीणों के साथ-साथ व्यापारियों का कहना है कि बसों के आने से पहले ही ये वाहन सवारियां बैठाकर निकल जाते हैं, जिससे बसों में यात्रियों की संख्या कम रह जाती है। इससे कारोबारियों को भी परेशानी होती है, क्योंकि नियमित और भरोसेमंद परिवहन व्यवस्था प्रभावित होती है। लोगों को आशंका है कि यदि यही स्थिति बनी रही तो यात्रियों की कम संख्या के आधार पर भविष्य में बस सेवा बंद भी की जा सकती है। इस संबंध में प्रशासन से ठोस कार्रवाई की मांग की जा रही है।
चौसाना निवासी साजिद राणा ने कहा कि बस सेवा शुरू होना बड़ी राहत है, लेकिन इसे सफल बनाने के लिए डग्गामार वाहनों पर रोक जरूरी है।
खेड़ी खुशनाम निवासी मास्टर नेत्रपाल ने कहा कि प्रशासन को इस समस्या पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए, ताकि यह सेवा लगातार संचालित होती रहे और ग्रामीणों को इसका पूरा लाभ मिल सके।
स्थानीय व्यापारी वर्ग का भी कहना है कि बस सेवा से बाजारों में आवाजाही बढ़ेगी, लेकिन डग्गामार वाहनों पर नियंत्रण नहीं हुआ तो इसका पूरा लाभ नहीं मिल पाएगा।
उप संपादक शकील राणा
फोटो
थानाभवन के लिए बसों में यात्री बैठते हुए








