Home » उत्तर प्रदेश » शामली » ऑनलाइन–ऑफलाइन लोन व बीमा के नाम पर ठगी करने वाला शातिर गिरफ्तार, 40 हजार नकद व मोबाइल बरामद

ऑनलाइन–ऑफलाइन लोन व बीमा के नाम पर ठगी करने वाला शातिर गिरफ्तार, 40 हजार नकद व मोबाइल बरामद

शामली। ऑनलाइन व ऑफलाइन माध्यम से लोन दिलाने और बीमा कराने का झांसा देकर अनेक लोगों से लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले एक शातिर अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। अभियुक्त के कब्जे से 40 हजार रुपये नकद और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश की प्राथमिकताओं के तहत साइबर अपराध के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में पुलिस अधीक्षक शामली एन.पी. सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला तथा क्षेत्राधिकारी नगर अपेक्षा निम्बाडिया के पर्यवेक्षण में जनपदीय साइबर सेल, थाना आदर्शमंडी और थाना कोतवाली शामली की 6 को यह कार्रवाई की। मुखबिर की सूचना पर सर्विलांस की सहायता से अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया, जिसके विरुद्ध थाना आदर्शमंडी में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त दीपक पुत्र जोगिन्द्र, निवासी ग्राम मुंडेट कला, थाना आदर्शमंडी, जनपद शामली (उम्र करीब 28 वर्ष) है। पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि उसने विभिन्न फाइनेंस कंपनियों के ऑनलाइन लोन कोड हासिल कर लोगों को होम लोन व कमर्शियल लोन दिलाने का झांसा देकर पीर खेड़ा, टिटौली, शामली, सहारनपुर, ग्रेटर नोएडा व मुजफ्फरनगर क्षेत्र के कई लोगों से हजारों से लेकर लाखों रुपये तक की धोखाधड़ी की। शिकायत होने पर वह आंशिक रकम लौटाकर मामलों को रफा-दफा करता रहा। बरामद 40 हजार रुपये ठगी से प्राप्त शेष धनराशि बताए गए हैं। अभियुक्त के खिलाफ पूर्व में भी संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में जनपदीय साइबर सेल शामली से निरीक्षक संजिव भटनागर, थाना कोतवाली शामली से थाना प्रभारी सचिन कुमार शर्मा मय टीम तथा थाना आदर्शमंडी से थाना प्रभारी ज्ञानेन्द्र सिंह और उप निरीक्षक मोहित कुमार शामिल रहे। विशेष रूप से थाना प्रभारी आदर्शमंडी ज्ञानेन्द्र सिंह की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही, जिन्होंने सूचनाओं का गहन विश्लेषण कर सर्विलांस व साइबर सेल के साथ उत्कृष्ट समन्वय स्थापित किया और पूरे अभियान का कुशल, निर्णायक व प्रभावी नेतृत्व किया। उनकी सतर्कता, तेज निर्णय क्षमता और सक्रिय पुलिसिंग के चलते सीमित समय में शातिर अभियुक्त की गिरफ्तारी संभव हो सकी। थाना प्रभारी की कार्यशैली से न केवल एक बड़े ठगी प्रकरण का पर्दाफाश हुआ, बल्कि आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास भी और अधिक मजबूत हुआ है।

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This