चौसाना। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत की उड़ीसा में गिरफ्तारी के विरोध में क्षेत्र में किसानों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। संगठन के निर्देश पर सोमवार को रात 8 बजे से चौसाना पुलिस चौकी पर कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया और ओडिशा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

धरने पर बैठे किसानों ने चेतावनी दी कि जब तक टिकैत समेत अन्य किसान नेताओं व कार्यकर्ताओं की रिहाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। धरना-प्रदर्शन में चौसाना, टोडा और खोडसमा सहित आसपास के गांवों के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस दौरान अरविंद राठी (टोडा), इकराम (चौसाना), शारूख, मुजम्मिल, सद्दाम, गुल्लू नंबरदार सहित दो दर्जन से अधिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यकर्ताओं ने बताया कि फिलहाल यह सांकेतिक धरना है, लेकिन मंगलवार सुबह से बड़ी संख्या में किसान धरना स्थल पर पहुंचेंगे, जिससे आंदोलन और तेज होने की संभावना है। किसानों का कहना है कि यह कार्रवाई किसानों की आवाज दबाने का प्रयास है और यदि जल्द रिहाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
वहीं, जानकारी के अनुसार जिले के अन्य पुलिस थानों पर भी किसान यूनियन द्वारा धरने-प्रदर्शन किए जा रहे हैं। साथ ही देश के विभिन्न हिस्सों में भी किसानों के विरोध प्रदर्शन की खबरें सामने आ रही हैं, जिससे मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है।
रिपोर्ट: शकील राणा, चौसाना







