झिंझाना। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन सवेरा” अभियान के तहत झिंझाना पुलिस ने एएनटीएफ सहारनपुर यूनिट के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 233 किलो 940 ग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 19 लाख रुपये आंकी गई है। साथ ही 1640 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और तस्करी में प्रयुक्त ट्रक भी कब्जे में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 20 मार्च की रात को की गई। पकड़े गए आरोपियों की पहचान दीन मोहम्मद निवासी कुतुबखेड़ी थाना गंगोह जनपद सहारनपुर और मासूम अली निवासी लौहरीपुर मल्लीपुर थाना कांधला जनपद शामली के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त थे और बाहरी राज्यों से माल लाकर क्षेत्र में सप्लाई करते थे।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाले जा रहे हैं, ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य तस्करों तक भी पहुंचा जा सके। साथ ही बरामद ट्रक के जरिए तस्करी के रूट और नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि अभियान के तहत आगे भी नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशे के खिलाफ इस अभियान में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाया जा सके।







