Home » उत्तर प्रदेश » शामली » निर्माणाधीन पानी की टंकी से सोलर पैनल चोरी, कंपनी ने पुलिस को दी लिखित तहरीर

निर्माणाधीन पानी की टंकी से सोलर पैनल चोरी, कंपनी ने पुलिस को दी लिखित तहरीर

निर्माणाधीन पानी की टंकी से सोलर पैनल चोरी, कंपनी ने पुलिस को दी लिखित तहरीर

छह दिन में एक गांव से तीन चोरी की घटनाओं ने ग्रामीणों में बढ़ाया रोष

चौसाना। चौकी क्षेत्र के गांव लव्वादाउदपुर में निर्माणाधीन पानी की टंकी से बदमाश सोलर पैनल चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी सुबह ग्रामीणों और चौकीदार को हुई, जिसके बाद कंपनी के अधिकारियों को अवगत कराया गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। निर्माण कंपनी के सिविल इंजीनियर ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
बताया गया कि बीती रात बदमाशों ने निर्माणाधीन टंकी पर लगे सोलर पैनल उखाड़ लिए। सुबह होने पर घटना सामने आने से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चोरी के संबंध में आवश्यक पूछताछ की। निर्माता कंपनी के इंजीनियर नयन कुमार ने तहरीर सौंपते हुए चोरी का शीघ्र खुलासा करने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

छह दिन में तीन वारदातों से हड़कंप

कंपनी कर्मचारियों का आरोप है कि बीते शनिवार को भी बदमाश दो सोलर पैनल चोरी कर ले गए थे। आहट होने पर बदमाश सोलर प्लेट और बाइक मौके पर छोड़कर भाग गए थे। पुलिस ने बाइक को कब्जे में लिया, लेकिन उसे चौकी लाने के बजाय किसी निजी स्थान पर खड़ा कर दिया गया। बाद में बदमाश बाइक भी दोबारा चोरी कर ले गए। गुरुवार रात फिर से सोलर पैनल चोरी होने से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं और ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।

ग्राम प्रधान ने की सख्त कार्रवाई की मांग

ग्राम प्रधान लव्वादाउदपुर ठाकुर रामभूल ने पुलिस से चोरों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया है। ग्राम प्रधान ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी लगाम लगाने की भी अपील की है।

उप संपादक: शकील राणा 

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This