झिंझाना। जिला पंचायत शामली के नाम पर भूसा, खोई, मैली, कबाड़ व गत्ता जैसे सामानों पर अवैध टैक्स वसूली के मामले में थाना झिंझाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने सख्त कदम उठाए।
पुलिस के अनुसार, जिला पंचायत शामली द्वारा टैक्स वसूली का ठेका दिए जाने के बावजूद कुछ कर्मियों द्वारा ट्रक चालकों से अवैध रूप से टैक्स वसूला जा रहा था। इस घटना पर एन.पी. सिंह, पुलिस अधीक्षक शामली के निर्देश पर थाना झिंझाना में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के आदेश दिए गए।
इसी क्रम में 15 जनवरी 2026 को तीन आरोपियों—अमित, कुलबीर सिंह और वैभव कुमार—को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था। आगे की कार्रवाई में 17 जनवरी 2026 को अभियान के तहत दो और वांछित आरोपियों सीटू शर्मा (निवासी केरटू, थाना झिंझाना, जनपद शामली) और रोहित (निवासी ग्राम तुगाना, थाना छपरोली, जनपद बागपत) को गिरफ्तार कर लिया गया।
यह कार्रवाई सुमित शुक्ला, अपर पुलिस अधीक्षक शामली के निर्देशन एवं हेमंत कुमार, क्षेत्राधिकारी कैराना के पर्यवेक्षण में की गई। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध थाना झिंझाना में विधिक कार्रवाई कर आरोपीयों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।







