चौसाना। शासन के निर्देश पर स्कूली वाहनों के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान के तहत रविवार को चौसाना क्षेत्र में एआरटीओ रोहित राजपूत ने विभिन्न स्कूलों में पहुंचकर वाहनों की सघन जांच की। इस दौरान उन्होंने न केवल व्यवस्थाओं का जायजा लिया, बल्कि स्कूल प्रबंधन को सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश भी दिए। अभियान के चलते क्षेत्र में स्कूली वाहनों की निगरानी और तेज कर दी गई है।

जांच के दौरान ऊन तहसील के होली हेवन स्कूल ऊन, वनस्थली स्कूल ऊन और मैक्सिकॉन स्कूल ऊदपुर के वाहनों के फिटनेस, परमिट, बीमा और चालकों के दस्तावेजों की बारीकी से जांच की गई। इसके साथ ही वाहनों में सुरक्षा से जुड़े जरूरी उपकरण और प्रावधान भी देखे गए। कई वाहनों में कमियां मिलने पर उन्हें मौके पर ही चिन्हित किया गया और संबंधित स्कूल प्रबंधन को तत्काल सुधार के निर्देश देते हुए आवश्यक खामियों को जल्द दूर करने को कहा गया।
एआरटीओ रोहित राजपूत ने बताया कि फिलहाल अभियान के इस चरण में केवल निरीक्षण किया जा रहा है। सभी स्कूल संचालकों को कमियां दूर करने के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया है, ताकि वे अपने वाहनों को पूरी तरह से नियमों के अनुरूप कर सकें। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समय सीमा के बाद यदि किसी भी प्रकार की लापरवाही सामने आई तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
उप संपादक: शकील राणा







